कफ सिरप कांड: ईडी की बड़ी कार्रवाई, लखनऊ समेत छह शहरों में 25 ठिकानों पर छापेमारी

कफ सिरप कांड: ईडी की बड़ी कार्रवाई, लखनऊ समेत छह शहरों में 25 ठिकानों पर छापेमारी

12 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  यूपी के चर्चित कफ सिरप कांड में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ, वाराणसी, अहमदाबाद, जौनपुर, सहारनपुर और रांची में 25 जगहों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान ईडी ने लखनऊ में आरोपी सिपाही आलोक सिंह की कोठी और अन्य परिसरों पर भी दबिश दी।

क्या है मामला?
कफ सिरप सिंडिकेट पर आरोप है कि कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप, टेबलेट, कैप्सूल और इंजेक्शन को अवैध रूप से खरीदा-बेचा जा रहा था। 11 अक्टूबर को औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दीपक मानवानी के घर से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुई थीं। पूछताछ में उसने बताया था कि वह ये दवाएं सूरज मिश्र और प्रीतम सिंह से खरीदता था।

अब तक की गिरफ्तारी
दीपक मानवानी – 11 अक्टूबर को गिरफ्तार
सूरज मिश्र – गुरुवार को गिरफ्तार, मूल रूप से सीतापुर का निवासी। न्यू मंगलम आयुर्वेदिक नाम से दवा एजेंसी चलाता है।
प्रीतम सिंह – गुरुवार को गिरफ्तार, मूल रूप से बहराइच का निवासी। पुरनिया स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करता है।
आरुष सक्सेना – अभी फरार, खोज जारी

छापेमारी का दायरा
ED की टीमों ने एक साथ कई राज्यों में दबिश दी, जिससे सिंडिकेट की नेटवर्किंग और वित्तीय लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत मिलने की संभावना है।
इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां तथा खुलासे होने की उम्मीद है।