पंजाब में कोरोना की दस्तक, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

26 मई  2025 ,FACT RECORDER

पंजाब में मिला कोरोना का नया मामला, महिला पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

पंजाब में एक बार फिर कोरोना की दस्तक से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती 51 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह महिला मूल रूप से यमुनानगर की रहने वाली है और उसे 17 मई को अमृतसर से लाकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 22 मई को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।

देश में नए वैरिएंट का खतरा बढ़ा

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, देश के कई राज्यों में कोरोना का नया वैरिएंट JN.1 सामने आ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह वैरिएंट बच्चों के लिए ज्यादा खतरनाक हो सकता है, क्योंकि जब पहली बार कोविड-19 फैला था, तब कई बच्चे छोटे थे और उन्हें टीकाकरण भी नहीं हुआ था।

सरकारें कर रही सतर्कता की अपील

राज्य सरकारों ने कोविड प्रोटोकॉल को दोबारा लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। नागरिकों को सतर्क रहने और विशेष सावधानियां बरतने के लिए कहा गया है:

  • बच्चों और बुजुर्गों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनकर जाने की सलाह।
  • सार्वजनिक स्थानों से लौटने पर हाथ धोने या सैनिटाइज़र का प्रयोग करने की आदत अपनाने की अपील।
  • बुजुर्गों व बच्चों को बाजार और भीड़ वाले कार्यक्रमों में जाने से बचने की सलाह।
  • बच्चों की पढ़ाई के लिए ऑनलाइन कक्षाओं पर ज़ोर।
  • खांसी, बुखार या जुकाम होने पर तुरंत डॉक्टर से जांच करवाने की सिफारिश।

स्वास्थ्य विभाग और राज्य प्रशासन लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे सतर्क रहें और कोरोना से जुड़ी गाइडलाइनों का पालन करें, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।