हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप में विवाद: कॉमनवेल्थ रजत विजेता पहलवान निर्मला बूरा को एंट्री से रोका, कारण पर चुप्पी

हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप में विवाद

04 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  हरियाणा स्टेट सीनियर फ्रीस्टाइल कुश्ती चैंपियनशिप के पहले दिन बड़ा विवाद सामने आया, जब रेसलिंग हरियाणा एसोसिएशन ने 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता और हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर निर्मला बूरा को भाग लेने से रोक दिया। हिसार के उमरा गांव में 4–5 दिसंबर को हो रही इस प्रतियोगिता के लिए हरियाणा पुलिस पहले ही उनके सभी दस्तावेज और नामांकन समय पर भेज चुकी थी, जिसकी ईमेल से पुष्टि भी की गई थी।

निर्मला का कहना है कि वह 2003 से लगातार हरियाणा पुलिस की टीम से स्टेट चैंपियनशिप खेलती आ रही हैं। इसके बावजूद आयोजकों ने गुरुवार सुबह वेट-इन के समय उनका एंट्री कार्ड देने से इनकार कर दिया। उन्होंने इसे अपने साथ हुआ ‘अन्याय’ बताया और कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता होने के बाद भी प्रदेश में इस तरह का अपमान बेहद दुखद है।

निर्मला ने एसोसिएशन से मामले की उच्च स्तरीय जांच और उन्हें खेलने की अनुमति देने की मांग की है। वहीं, आयोजकों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, जिससे खेल जगत में नाराजगी बढ़ती जा रही है।