हिमाचल में लगातार बारिश का अलर्ट: अगले 72 घंटे भारी बारिश की संभावना

हिमाचल में लगातार बारिश का अलर्ट: अगले 72 घंटे भारी बारिश की संभावना

12 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर जारी: भारी बारिश से तबाही, अगले 72 घंटे यलो अलर्ट                                                                                                                                हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। कुल्लू जिले के मनाली-बंजार क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

इस मानसून सीजन में राज्य में सामान्य से 43% अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 11 सितंबर तक सामान्य बारिश 674.2 मिमी होती है, जबकि इस बार 961.3 मिमी बारिश हो चुकी है। मंडी जिले में सर्वाधिक 1735.3 मिमी, कांगड़ा में 1712.7 मिमी और सिरमौर में 1576.4 मिमी बारिश हुई है। कुल्लू में सामान्य से 112% और शिमला में 106% अधिक बारिश दर्ज की गई है।

राज्य आपदा प्रबंधन के अनुसार, अब तक 4313 करोड़ रुपए की निजी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। मानसून के दौरान 380 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 137 बड़े भूस्खलन, 97 बाढ़ और 45 बादल फटने की घटनाओं में 76 लोगों की जान गई है, जबकि 40 लोग अभी भी लापता हैं।

इसके अलावा, प्रदेश में 1280 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं और 5643 घरों को आंशिक नुकसान हुआ है। इस मानसून में 26,955 पालतू मवेशियों की भी मौत हो चुकी है।

राज्य प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।