शिमला में कांग्रेस नेता युद्धवीर सिंह बैंस को पुलिस ने रोका, ED शिकायत के बाद बढ़ा विवाद

09 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार सुबह उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब पुलिस ने कांग्रेस नेता युद्धवीर सिंह बैंस को बीच सड़क पर रोक लिया। इस कार्रवाई के बाद बैंस ने पुलिस और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

जानकारी के अनुसार, युद्धवीर सिंह बैंस अपनी कार से कहीं जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इस पर बैंस ने पुलिस से सवाल किया कि आखिर उन्हें किस आधार पर रोका जा रहा है। पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया कि उन्हें “ऊपर से आदेश” मिले हैं।

बैंस ने आरोप लगाया कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस उन्हें जबरन रोक रही है और उनके साथ किसी भी तरह की अनहोनी के लिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने अपनी खराब तबीयत का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें अस्पताल जाना था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रोका गया। घटना के बाद बैंस ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर सरकार और पुलिस पर दबाव बनाने के आरोप लगाए।

बैंस का दावा है कि उन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है, इसके बावजूद पुलिस लगातार उनका पीछा कर रही है। उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को हाई कोर्ट में सुनवाई के बाद से ही पुलिस उनके वकील के चैंबर और कांग्रेस कार्यालय के बाहर भी उन्हें रोक चुकी है। इसके अलावा 8 अप्रैल को एक होटल में उनके बेटे और वकील से भी पूछताछ की गई।

फिलहाल इस मामले में पुलिस या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इस घटना के बाद प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।