31 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अचानक ठप होने से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। गैस की कमी का सीधा असर खाने-पीने के कारोबार पर पड़ा है, जिसके चलते खाद्य पदार्थों के दाम तेजी से बढ़ने लगे हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि जिले में रोजाना करीब 80 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
सबसे ज्यादा परेशानी होटल, ढाबों और हॉस्टलों की मेस संचालकों को झेलनी पड़ रही है, जहां गैस की अनुपलब्धता के कारण कामकाज ठप होने की स्थिति बन गई है। कारोबारियों का कहना है कि नियमित आपूर्ति न होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गैस की कमी और कथित कालाबाजारी के चलते छोटे दुकानदार भी प्रभावित हुए हैं। चाय और नाश्ते जैसी आम चीजों के दाम बढ़ गए हैं—जहां पहले 10 रुपये में मिलने वाली चाय अब 12 से 15 रुपये तक पहुंच गई है। दुकानदारों का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण कीमतें बढ़ाना मजबूरी है।
वहीं, ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि बढ़ती कीमतों के बावजूद खाने की गुणवत्ता में गिरावट आई है। कई जगह दुकानदार ताजा नाश्ता देने में असमर्थ हैं और ठंडा खाना परोसने को मजबूर हो गए हैं।













