02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी के मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने चंडीगढ़ के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत कर ली है और जीत के बेहद करीब पहुंच गया है। जीएमएसएसएस सेक्टर-26 क्रिकेट ग्राउंड, चंडीगढ़ में खेले जा रहे मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक छत्तीसगढ़ ने अपनी दूसरी पारी में 57 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। उसे जीत के लिए अब केवल 121 रन की जरूरत है, जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।
इससे पहले चंडीगढ़ की दूसरी पारी 143 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अर्नव बंसल ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि देवांग कौशिक ने 34 और हरीश ने 18 रन का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से वरुण सिंह भुई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 17 रन देकर छह विकेट झटके। उन्हें वासुदेव बरेठ का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने सतर्क शुरुआत की, लेकिन जसकीरत सिंह मेहरा ने शुरुआती झटके देते हुए पृथम जाचक और शोभित शर्मा को आउट कर चंडीगढ़ को कुछ उम्मीद दी। इसके बाद हर्ष साहू (28) और साहिल रजत शरीफ (14) ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए 41 रन की नाबाद साझेदारी निभाई और दिन का खेल बिना किसी और नुकसान के समाप्त कराया।
मैच की पहली पारी में चंडीगढ़ ने 417 रन बनाए थे, जिसके जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम 383 रन तक पहुंच सकी थी। अब चौथे दिन छत्तीसगढ़ की नजरें जीत हासिल करने पर टिकी होंगी, जबकि चंडीगढ़ आखिरी प्रयास में मैच को बचाने की कोशिश करेगा।













