चंडीगढ़ में ठंड बढ़ने का अनुमान, 12-15 दिसंबर तक यलो अलर्ट जारी; तापमान में गिरावट की संभावना

Chandigarh Weather: चंडीगढ़ में और बढ़ेगी ठंड, चार दिन का यलो अलर्ट जारी; तापमान में आएगी गिरावट

12 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: चंडीगढ़ में अगले चार दिनों तक ठंड का असर और बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने 12 से 15 दिसंबर तक यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सुबह व शाम के समय ठंड से बचाव करने की सलाह दी है। इस दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है और रात व सुबह के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

वीरवार को सुबह शहर में खुशनुमा ठंड रही, जबकि दोपहर में तेज धूप ने लोगों को राहत दी। दिन के समय लोग सामान्य गतिविधियों में व्यस्त रहे और कई लोग पार्कों में धूप का आनंद लेते नजर आए। शहर का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के करीब था, जबकि न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने विशेष तौर पर बुजुर्गों और बच्चों को सुबह-सुबह और शाम के समय ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की चेतावनी दी है।