08 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: हरियाणा में बढ़ी सर्दी: हिसार-महेंद्रगढ़ का तापमान शिमला से नीचे, रातें होंगी और ठंडी हरियाणा के मैदानी इलाकों में अब पहाड़ों जैसी ठंड महसूस होने लगी है। राज्य के कई शहरों का न्यूनतम तापमान हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से भी नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के हिसार और महेंद्रगढ़ में पारा 7.6 डिग्री तक पहुंच गया। हिमाचल के सोलन में 7.5, कुल्लू में 6.1 और मनाली में 4.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
बीते दो दिनों में हरियाणा में दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में रातें और ठंडी होंगी। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक रहेगा।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने किसानों को सलाह दी है कि वे जल्द से जल्द गेहूं की बिजाई पूरी करें और सरसों की फसल में बीमारी दिखने पर नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि राज्य में 12 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहेगी और सुबह के समय कोहरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर शाम ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।