26 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: हरियाणा में सीएनजी उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सिरसा–फतेहाबाद–हिसार के बीच सीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। परियोजना के तहत सिरसा के कसुंबी गांव से फतेहाबाद होते हुए लगभग 80 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
क्या है परियोजना की रूपरेखा?
पाइपलाइन सिरसा से धांगड़ और हिसार से धांगड़ तक पहुंचेगी।
गुजरात की यश कंपनी को 4 इंच व्यास वाली पाइपलाइन बिछाने का जिम्मा सौंपा गया है।
काम पूरा करने के लिए कंपनी को डेढ़ वर्ष का समय दिया गया है।
फतेहाबाद को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ
परियोजना के पूरा होने पर फतेहाबाद शहर में पहली बार पेट्रोल पंपों पर सीएनजी की नियमित सप्लाई उपलब्ध होगी।
अभी तक जिले में पाइपलाइन-आधारित सीएनजी न होने के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वर्तमान में केवल भट्टू कलां और बड़ोपल में दो पंप हैं, जहां सीएनजी टैंकरों से पहुंचाई जाती है।
नई पाइपलाइन से फतेहाबाद शहर के तीन पेट्रोल पंपों को सीधे सीएनजी सप्लाई मिलेगी।
एलपीजी सप्लाई रहेगी बंद, नए कनेक्शन लेने होंगे
पाइपलाइन बिछने के बाद मौजूदा एलपीजी गैस सप्लाई समाप्त कर दी जाएगी।
इसके बाद सभी उपभोक्ताओं को नई पाइपलाइन से जुड़े नए गैस कनेक्शन लेने होंगे।









