सीएम योगी 21 फरवरी को सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास, ग्रेटर नोएडा फिल्म सिटी में होगी फिल्म शूटिंग

17 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: ग्रेटर नोएडा के यीडा क्षेत्र में 21 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखेंगे। इसी दिन फिल्म सिटी में बोनी कपूर की फिल्म माम-2 की शूटिंग का भी शुभारंभ हो सकता है, जिसकी आधिकारिक शूटिंग 25 फरवरी से शुरू होगी। यीडा ने सेक्टर 21 में बोनी कपूर और भूटानी समूह की संयुक्त कंपनी को 230 एकड़ जमीन आवंटित की है। फिल्म सिटी का निर्माण तीन वर्षों में पूरा होगा, लेकिन शूटिंग की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। फिल्म न्याय और शक्ति पर आधारित है और इसमें खुशी कपूर, करिश्मा तन्ना, नवाज़ुद्दीन और मनोज बाबा मुख्य भूमिका में हैं।

इस बीच सेट पर काम कर रहे इलेक्ट्रिशियन इमरान सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। वे यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर बाइक से घर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मारी। उन्हें निम्स अस्पताल, दनकौर में भर्ती कराया गया है। पुलिस में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।