मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किया सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का दिया संदेश

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किया सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का दिया संदेश

22 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर शिमला के कमला नेहरू अस्पताल में आयोजित राज्य स्तरीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नन्हे बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने अभियान को सफल बनाने में जुटे डॉक्टरों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम, शिक्षकों, पंचायती राज संस्थाओं और प्रशासन की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी, चमियाणा में एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां बच्चों के इलाज के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अस्पतालों में ओपीडी परामर्श हेतु विशेष स्लॉट तय किए जाएंगे, ताकि उन्हें लंबे इंतजार से राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक और आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जा रहा है तथा रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है।

पल्स पोलियो अभियान के तहत प्रदेशभर में 5,793 पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के करीब 6 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके लिए 11,706 टीमें तैनात की गई हैं। वहीं 22 और 23 दिसंबर को मॉप-अप दिवस के दौरान घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों, प्रवासी परिवारों और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को कवर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चमियाणा अस्पताल और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की गई है। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे जैसी आधुनिक मशीनों के लिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक हरीश जनारथा, वरिष्ठ अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।