मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयास रंग लाए, हिंदुजा ग्रुप ने पंजाब में निवेश में दिखाई गहरी रुचि; युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

3 फरवरी 2026 Fact Recorder

Punjab Desk:  पंजाब को वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। विश्व प्रसिद्ध हिंदुजा ग्रुप ने राज्य में निवेश करने में गहरी रुचि दिखाई है। मुख्यमंत्री के साथ हुई व्यापक चर्चा के दौरान ग्रुप ने पंजाब के औद्योगिक माहौल, नीतिगत स्थिरता और निवेशक-अनुकूल शासन मॉडल की सराहना की।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि मार्च 2022 से अब तक पंजाब को करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 5.3 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पंजाब इलेक्ट्रिक वाहन, डिजिटल और वित्तीय सेवाएं, साइबर सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, फूड प्रोसेसिंग और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में निवेश की असीम संभावनाएं रखता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचा, अतिरिक्त बिजली, कुशल मानव संसाधन, मजबूत सड़क-रेल-हवाई संपर्क और आधुनिक दूरसंचार नेटवर्क के कारण पंजाब निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य ने ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में टॉप अचीवर का दर्जा हासिल किया है और फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल के जरिए सिंगल-विंडो क्लीयरेंस की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि पंजाब राइट टू बिजनेस एक्ट के तहत 125 करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं को मात्र पांच दिनों में सैद्धांतिक मंजूरी दी जाती है। साथ ही 45 दिनों के भीतर समयबद्ध स्वीकृतियां, डीम्ड अप्रूवल और नियामकीय सुधारों ने निवेश प्रक्रिया को और सरल बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेस्ले, कारगिल, डैनोन, क्लास और वर्बियो जैसी कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कंपनियां पहले ही पंजाब में सफलतापूर्वक काम कर रही हैं। हाल ही में जापान और दक्षिण कोरिया में किए गए अंतरराष्ट्रीय दौरों से उन्नत विनिर्माण, ईवी मोबिलिटी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खुले हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 13 से 15 मार्च 2026 तक मोहाली में आयोजित होने वाले ‘प्रोग्रेसिव पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026’ में उद्योग जगत के नेताओं को आमंत्रित करते हुए कहा कि यह सम्मेलन पंजाब की औद्योगिक विकास गाथा को नई दिशा देगा। उन्होंने उद्योगों से पंजाब में निवेश बढ़ाने, अनुसंधान एवं विकास पर ध्यान देने और युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार अवसर पैदा करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार और उद्योग की साझेदारी ही सतत विकास की कुंजी है और पंजाब सरकार निवेशकों को पारदर्शी, स्थिर और सहयोगी माहौल देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।