22 फरवरी, 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: किडनैप कर ह*त्या के एक सनसनीखेज मामले में थाना-31 पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे पाँचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जीरकपुर निवासी 18 वर्षीय विजेंद्र कुमार उर्फ ट्रूडो के रूप में हुई है, जो फोटोग्राफी का काम करता था। उसे जल्द ही जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस को गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के जरिए जानकारी मिली थी कि फरार आरोपी इलाके में सक्रिय है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना-31 के प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
क्या था मामला:
शिकायतकर्ता विजय कुमार (निवासी हल्लोमाजरा) ने पुलिस को बताया था कि 5 फरवरी को वह अपने रिश्तेदार सुशील उर्फ साहिल के साथ निजी काम से हरियाणा के पेहोवा गए थे। शाम को लौटने पर सुशील ने उन्हें रविदास मंदिर, हल्लोमाजरा के पास छोड़ा। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर सवार 3-4 युवकों ने सुशील को उसकी कार से जबरन उतारकर किडनैप कर लिया और फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि यह वारदात पुराने सड़क हादसे की रंजिश में की गई थी, जिसमें अनिल के भाई मनप्रीत की मौत हो गई थी। इस संबंध में जीरकपुर थाने में पहले से मामला दर्ज था।
जांच में खुलासा:
पुलिस के अनुसार, किडनैप के बाद आरोपी सुशील को प्रीत कॉलोनी, जीरकपुर ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। बाद में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित होने के बाद आरोपी फरार हो गए।
इससे पहले पुलिस इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। पाँचवें आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पूरे मामले की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि अपराध और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।











