24 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर Chamanpreet Singh Nagra उर्फ चिन्नी की गो*ली मारकर ह*त्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि करीब पांच साल पहले गांव कुब्बाहेड़ी में आयोजित एक टूर्नामेंट और उसमें पंजाबी गायक बब्बू मान का अखाड़ा लगवाना इस रंजिश की जड़ बना था। बताया जा रहा है कि उस समय गैंगस्टरों ने कार्यक्रम रद्द करने का दबाव बनाया था, लेकिन इसके बावजूद आयोजन किया गया, जिसके बाद से चिन्नी गैंगस्टरों के निशाने पर आ गया था।
चिन्नी के करीबी दोस्तों के अनुसार, उस दौरान गैंगस्टरों ने Sidhu Moose Wala और बब्बू मान के बीच विवाद का हवाला देते हुए कार्यक्रम रोकने की धमकी दी थी। हालांकि चिन्नी ने कार्यक्रम रद्द नहीं किया। इसके बाद से उसे लगातार धमकियां मिलती रहीं और इसी वजह से उसने पिछले दो साल से टूर्नामेंट करवाना भी बंद कर दिया था।
मामले में यह भी सामने आया है कि ह*त्या से दो दिन पहले 16 मार्च को दो युवक मुंह ढककर चिन्नी के ऑफिस पहुंचे थे और उसके बारे में पूछताछ की थी। उस समय वह ऑफिस में मौजूद नहीं था। दोस्तों ने उसे इस बारे में बताया, लेकिन उसने इसे सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज कर दिया। बाद में पता चला कि यही शूटर कई दिनों से उसकी रेकी कर रहे थे।
पुलिस जांच के अनुसार हमलावर तीन दिन तक सेक्टर-9 स्थित जिम के बाहर बैठकर चिन्नी की दिनचर्या और आने-जाने के समय पर नजर रख रहे थे। हत्या से एक दिन पहले वे मुल्लांपुर के एक कार वॉश सेंटर तक भी पहुंचे थे, जहां चिन्नी अपनी गाड़ी लेकर आया था।
करीबी लोगों का कहना है कि चिन्नी को पहले भी गैंगस्टर Lucky Patial के नाम से धमकियां मिलती रही थीं। हालांकि वह खुद कॉल नहीं करता था, लेकिन उसके साथी फोन कर दबाव बनाते थे। परिवार और दोस्तों के मुताबिक, चिन्नी को लगता था कि चंडीगढ़ सुरक्षित शहर है और उसने किसी का नुकसान नहीं किया, इसलिए उसे कोई खतरा नहीं है। इसी भरोसे के कारण वह संभावित खतरे को गंभीरता से नहीं भांप पाया।
परिजनों ने बताया कि चिन्नी सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय था। वह गरीब लड़कियों की शादी में मदद करता था, जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता देता था और कई लोगों के घर बनवाने में भी सहयोग करता था। फिलहाल पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ते हुए जांच में जुटी हुई है।











