17 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: मथुरा-वृंदावन में कान्हा जन्मोत्सव, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मथुरा और वृंदावन में लाखों भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही रात 12 बजे कान्हा के जन्म की घड़ी आई, मंदिरों में ढोल-नगाड़ों और शंख-घंटियों की ध्वनि गूंज उठी। श्रद्धालु “नंद घर आनंद भयो” के भजनों पर झूम उठे और कान्हा जन्मोत्सव के अद्भुत नज़ारे देखने को मिले।
गोकुल में नंदोत्सव की धूम रही, वहीं नंदबाबा मंदिर में ठाकुरजी का अभिषेक 300 लीटर यमुना जल से किया गया। मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर जन्माभिषेक और आरती के दौरान अपार भीड़ मौजूद रही। हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिरों के आसपास फुटपाथ पर रात बिताई, ताकि कान्हा के जन्म के साक्षी बन सकें।
वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर और मथुरा-वृंदावन के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी भक्तों का सैलाब उमड़ा। भक्तों की आस्था और उत्साह के बीच पूरा ब्रजक्षेत्र “जय कन्हैया लाल की” के नारों से गूंजता रहा।













