13 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Education Desk: Central Board of Secondary Education (CBSE) की कक्षा 12वीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा गुरुवार को आयोजित हुई। छात्रों और विषय शिक्षकों के अनुसार इस बार प्रश्नपत्र संतुलित और विश्लेषणात्मक रहा, जिसमें समझ और सोचने की क्षमता पर आधारित सवाल पूछे गए।
तीनों स्ट्रीम—आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स—के छात्रों के लिए अंग्रेजी की परीक्षा महत्वपूर्ण मानी जाती है। कई विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर आसान से मध्यम स्तर का था और अच्छी तैयारी करने वाले छात्रों को इसे हल करने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
एक छात्रा खनक ने बताया कि अंग्रेजी का पेपर ज्यादा कठिन नहीं था। यह मध्यम स्तर का संतुलित प्रश्नपत्र था, इसलिए उन्हें अच्छे अंक आने की उम्मीद है। वहीं छात्रा शिवानी ने कहा कि पेपर स्कोरिंग था, हालांकि कुछ बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) थोड़े उलझाने वाले और समय लेने वाले थे।
शिक्षकों ने भी बताया संतुलित
मॉडर्न पब्लिक स्कूल की अंग्रेजी शिक्षिका डॉ. अल्का कपूर ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों की समझ और विषय पर पकड़ का सही मूल्यांकन करने वाला था।
उन्होंने कहा कि पेपर में पूछे गए बहुविकल्पीय प्रश्न पूरी तरह क्षमता आधारित (Competency Based) थे। इनका उद्देश्य केवल रटने की क्षमता नहीं बल्कि छात्रों की समझ और उसके प्रयोग को परखना था।
कुल मिलाकर छात्रों और शिक्षकों की राय में इस बार CBSE 12वीं अंग्रेजी का पेपर संतुलित, विश्लेषणात्मक और स्कोरिंग रहा।













