CBSE Admit Card 2026 जारी: 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र परीक्षा संगम पोर्टल पर उपलब्ध

03 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Education Desk:  केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा आधिकारिक परीक्षा संगम पोर्टल parikshasangam.cbse.gov.in पर शुरू कर दी है।

एडमिट कार्ड में छात्र का नाम, रोल नंबर, जन्मतिथि, परीक्षा केंद्र का नाम व पता, विषयवार परीक्षा तिथि, समय और विषय कोड जैसी अहम जानकारियां दर्ज होंगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि परीक्षा से पहले सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच कर लें।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि नियमित छात्र स्वयं एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं करेंगे। संबंधित स्कूलों के अधिकारी परीक्षा संगम पोर्टल पर लॉग इन कर कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के प्रवेश पत्र डाउनलोड करेंगे। इसके बाद प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर और स्कूल की मुहर लगाकर एडमिट कार्ड छात्रों को सौंपा जाएगा। बिना हस्ताक्षर और मुहर वाला एडमिट कार्ड परीक्षा केंद्र में मान्य नहीं होगा।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं विभिन्न चरणों में आयोजित होकर 11 मार्च 2026 को समाप्त होंगी, जबकि कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 10 अप्रैल 2026 तक चलेंगी।