सावधान!: चंडीगढ़ की मुख्य सड़क 20 दिन के लिए बंद, डेढ़ लाख वाहनों पर पड़ेगा असर

सावधान!: चंडीगढ़ की मुख्य सड़क 20 दिन के लिए बंद, डेढ़ लाख वाहनों पर पड़ेगा असर

25 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  चंडीगढ़। शहर के वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। ट्रिब्यून चौक से ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट तक की मुख्य सड़क बुधवार से अगले 20 दिन के लिए बंद रहेगी। यह सड़क रिकार्पेटिंग और मरम्मत के काम के लिए बंद की जा रही है। प्रशासन ने वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते अपनाने की सलाह दी है।

चीफ इंजीनियर सीबी ओझा के अनुसार, पूर्व मार्ग पर इस मुख्य सड़क को जोड़ने वाली अन्य सड़कों को भी जरूरत पड़ने पर बंद किया जा सकता है। मरम्मत के दौरान सड़क बारी-बारी से एक तरफ से बंद रहेगी और ट्रैफिक दूसरी तरफ से आने-जाने के लिए खुला रहेगा।

पूर्व मार्ग के बंद होने से जगतपुरा बाईपास रोड से सेक्टर-47 और 48 होकर मोहाली की ओर आने वाले वाहनों को काफी परेशानी होगी। ऐसे में अब वाहन चालकों को ट्रिब्यून चौक से दक्षिण मार्ग होते हुए सेक्टर-32, जीएमसीएच-32 चौक और सेक्टर-29/30 लाइट पॉइंट के माध्यम से जाना होगा। पंचकूला, मोहाली और जीरकपुर से रोजाना शहर में प्रवेश करने वाले लगभग डेढ़ लाख वाहनों को वैकल्पिक रूट अपनाना होगा।

पंचकूला-कलाग्राम लाइट पॉइंट से आने वाले ट्रैफिक पर असर कम रहेगा, जबकि जीरकपुर से आने वाले ट्रैफिक को ट्रिब्यून चौक से सीधे दक्षिण मार्ग से वैकल्पिक रूट लेने पड़ेंगे।

सड़क बंद होने से सेक्टर-26 मंडी और औद्योगिक क्षेत्र में माल उतारने-ले जाने वाले भारी वाहनों को भी समस्या होगी। इस वजह से इंडस्ट्री में काम करने वाले लोगों और कारोबारी वाहनों की डिलीवरी में भी बाधा आएगी।

चैंबर ऑफ चंडीगढ़ इंडस्ट्रीज के वाइस प्रेसिडेंट नवीन मंगलानी ने कहा कि पूर्व मार्ग बंद होने से लोगों को बड़ी दिक्कत होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रैफिक पुलिस को मौके पर तैनात किया जाए और औद्योगिक क्षेत्र में ट्रक के वैकल्पिक रूट पहले से तय किए जाएं।