AIIMS में कैंसर स्क्रीनिंग कैंप: महिलाओं और बच्चों का इलाज बिना अपॉइंटमेंट

AIIMS में कैंसर स्क्रीनिंग कैंप: महिलाओं और बच्चों का इलाज बिना अपॉइंटमेंट

17 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Health Desk: दिल्ली के AIIMS (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस) में अब महिलाओं और बच्चों के लिए कैंसर स्क्रीनिंग और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का विशेष कैंप लगाया जाएगा, जिसमें इलाज और चेकअप बिना अपॉइंटमेंट के होगा। पहले AIIMS में इलाज कराने के लिए महीनों पहले अपॉइंटमेंट लेना पड़ता था और लंबी लाइनों में लगना पड़ता था, लेकिन अब इस पहल से महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी। यह विशेष कैंप 17 सितंबर, पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा और दिल्ली AIIMS के साथ-साथ त्रिलोकपुरी सेंटर, बल्लभगढ़ कम्युनिटी हेल्थ सेंटर और झज्जर NCI में आयोजित किए जाएंगे।

इस कैंप में महिलाओं और बच्चों के लिए कई तरह की जांच और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें कैंसर स्क्रीनिंग के तहत सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की जांच, आंखों की बीमारियों की जांच, टीबी, यौन संचारित रोग, जूँ और डैंड्रफ जैसी बीमारियों का इलाज, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और टेलीमेडिसिन सुविधा, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी क्रॉनिक बीमारियों की स्क्रीनिंग, डेंटल और ओरल कैंसर जांच शामिल हैं। इसके अलावा महिलाओं के लिए मासिक धर्म, पोस्ट मेनोपॉज देखभाल, प्रसव संबंधी जानकारी, एनीमिया और BMI जांच जैसी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। मातृ और शिशु देखभाल में छोटे बच्चों का टीकाकरण और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पोषणयुक्त पैकेट वितरित किए जाएंगे।

कैंप का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा और केवल महिलाएं और बच्चे इसके लाभार्थी होंगे। यह पहल खास तौर पर ओपीडी तक महिलाओं की पहुंच बढ़ाने और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए की जा रही है।