कार्यालय, ज़िला लोक संपर्क अधिकारी, संगरूर
सुनाम, 22 मई 2025 ,FACT RECORDER
पंजाब सरकार की “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम के तहत सरकार द्वारा नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई करके काफी हद तक नशे की सप्लाई चेन को तोड़ दिया गया है और प्रदेश को फिर से एक खुशहाल व रंग-बिरंगा पंजाब बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
पंजाब सरकार के प्रयासों के चलते नशा तस्कर या तो जेलों में हैं या फिर पंजाब छोड़कर भाग चुके हैं। अब यह मुहिम ज़मीनी स्तर यानी गांवों और वार्डों से चलाई जा रही है, जिसे “नशा मुक्ति यात्रा” नाम दिया गया है और इसे जनता द्वारा भरपूर समर्थन मिल रहा है।
यह जानकारी एस.डी.एम. प्रमोद सिंगला ने गांव चौवास, घासीवाला और बख्शीवाल में डिफेंस कमेटियों की बैठकों के दौरान दी। उन्होंने डिफेंस कमेटियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने के लिए प्रेरित किया।
एस.डी.एम. ने कहा कि नशा मुक्ति यात्रा अब एक जन आंदोलन बन चुकी है और जल्द ही पंजाब से नशे का नामोनिशान मिट जाएगा। उन्होंने बताया कि लोग पंजाब सरकार की इस मुहिम में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।
एस.डी.एम. ने कहा कि यदि हर वार्ड या गांव की पंचायत नशा मुक्ति का संकल्प ले ले, तो नशा और नशा तस्करों का अंत निश्चित है।
श्री सिंगला ने सभी उपस्थित लोगों से नशा मुक्ति अभियान में पूर्ण सहयोग देने की शपथ भी दिलवाई। उन्होंने बताया कि नशा पीड़ितों का सही इलाज कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे “नशा मुक्त पंजाब” की रचना हेतु प्रशासन और पुलिस विभाग का साथ दें।
इस अवसर पर तहसीलदार राजविंदर कौर, पी.ए. संजीव कुमार, लाभ सिंह, संदीप दुग्गां, सरपंच मनिंदर सिंह, सरपंच गुरचरण सिंह, सरपंच प्रीतम सिंह, सरपंच बैहल सिंह, राज शर्मा, मनी सारों, सुखपाल सिंह, गुरतेज सिंह बख्शीवाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंच-सरपंच, विभिन्न पदाधिकारी व बड़ी संख्या में गांव व शहर निवासी उपस्थित थे।












