10 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
बिजनेस डेस्क : मंगलवार को सर्राफा बाजार में दो सत्रों की तेजी के बाद सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। सोना 960 रुपये सस्ता होकर 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत 2,640 रुपये टूटकर 2.61 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, अमेरिकी डॉलर के एक सप्ताह से अधिक के निचले स्तर से उबरने के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना। निवेशक इस सप्ताह जारी होने वाले अहम अमेरिकी रोजगार और महंगाई से जुड़े आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जिससे ब्याज दरों की दिशा को लेकर संकेत मिल सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो स्पॉट गोल्ड 1 प्रतिशत गिरकर 5,016.56 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इससे पहले डॉलर में कमजोरी के चलते सोना पिछले सत्र में करीब 2 प्रतिशत चढ़ा था। वहीं अप्रैल डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.8 प्रतिशत गिरकर 5,041.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते दिखे।
चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। स्पॉट सिल्वर 2.5 प्रतिशत टूटकर 81.31 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। उल्लेखनीय है कि 29 जनवरी को सोना 5,594.82 डॉलर प्रति औंस और चांदी 121.64 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंची थी।
इससे पहले सोमवार को घरेलू सर्राफा बाजार में जोरदार तेजी देखी गई थी। चांदी 6.66 प्रतिशत उछलकर 2.72 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी, जबकि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,300 रुपये की बढ़त के साथ 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।













