सर्राफा बाजार में गिरावट: सोना ₹530 सस्ता, चांदी ₹2410 लुढ़की

12 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk:  सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक बाजारों में दबाव के कारण घरेलू बाजार में भी कीमती धातुओं के दाम नीचे आए हैं।

ताजा अपडेट के अनुसार सोने का भाव 530 रुपये घटकर करीब 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली और यह 2410 रुपये टूटकर लगभग 2.67 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव रहा। वैश्विक स्तर पर Gold की स्पॉट कीमत लगभग 0.2% गिरकर करीब 5,165 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं Silver की कीमत लगभग 85.82 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर रही।

विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिकी डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण निवेशकों का रुझान कुछ समय के लिए सोने-चांदी से कम हुआ है। मजबूत डॉलर के कारण डॉलर में कीमत वाली कमोडिटी अन्य देशों के निवेशकों के लिए महंगी हो जाती है, जिससे मांग प्रभावित होती है।

इसके अलावा पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ी है। विश्लेषकों का मानना है कि सोने में आई मौजूदा गिरावट अस्थायी हो सकती है और आने वाले समय में बाजार की स्थिति के अनुसार इसमें फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।