पहलगाम और बालटाल दोनों मार्ग हुए बंद, भूस्खलन में एक श्रद्धालु की मौ*त।

17 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

National Desk: खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा पर गुरुवार को जम्मू स्थित यात्री निवास से कोई भी जत्था रवाना नहीं होगा। प्रशासन ने फैसला किया है कि अब श्रद्धालु मौसम अनुकूल होने पर ही यात्रा शुरू करेंगे। इससे पहले 15 जत्थों को सफलतापूर्वक रवाना किया जा चुका है। सूत्रों के मुताबिक, मौसम खराब रहने से रास्तों के बंद होने की आशंका है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। यदि मौसम में सुधार हुआ तो शुक्रवार को यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। बालटाल मार्ग से भी गुरुवार को यात्रा स्थगित रहेगी।

बुधवार शाम को अमरनाथ यात्रा के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। बालटाल मार्ग पर रेलपथरी के पास जेड मोड़ पर भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में आकर राजस्थान की रहने वाली 55 वर्षीय महिला श्रद्धालु सोना बाई की मौत हो गई। इस हादसे में करीब नौ श्रद्धालु घायल हुए हैं, जबकि एक व्यक्ति लापता है, जिसकी तलाश जारी है। सभी घायलों को बालटाल बेस कैंप में बने अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बारिश के बावजूद बुधवार को यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और भक्तों में उत्साह नजर आया। लेकिन शाम के समय अचानक पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण यह हादसा हो गया। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई और मामले की जांच जारी है।

फिलहाल, यात्रा को मौसम सुधार होने तक स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही मौसम सामान्य होगा, यात्रा फिर से शुरू की जाएगी।