दिल्ली के कई स्कूलों को ब*म की ध*मकी, पुलिस ने की घेराबंदी; बम स्क्वायड-फायर ब्रिगेड मौके पर, सर्च ऑपरेशन जारी

13 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह ई-मेल के जरिए स्कूलों को धमकी भेजी गई, जिसके बाद तुरंत दिल्ली पुलिस और स्पेशल सेल हरकत में आ गई। एहतियातन स्कूल परिसरों को खाली कराते हुए आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस के साथ बम स्क्वायड, फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्कूल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल जांच के दौरान अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है, हालांकि एहतियात के तौर पर तलाशी अभियान जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह धमकी फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन किसी भी खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। इसी को देखते हुए पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरी ई-मेल किसने और कहां से भेजी।

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में दिल्ली और एनसीआर के कई स्कूलों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले की घटनाओं में जांच के बाद धमकियों को अफवाह घोषित किया गया था। बावजूद इसके, बार-बार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी हैं।

पुलिस का कहना है कि अगर यह शरारत साबित होती है तो आरोपियों के खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिससे भविष्य में कोई इस तरह की अफवाह फैलाने की हिम्मत न कर सके।