09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National School राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नौ स्कूलों को बम धमाके की धमकी भरे ईमेल मिले। दिल्ली पुलिस के अनुसार इन स्कूलों में दक्षिणी दिल्ली के तीन स्कूल भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया।
पुलिस ने तुरंत संबंधित स्कूल परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी और मौके पर दमकल विभाग के साथ बम निरोधक दस्ते की टीमें तैनात कर दी गईं। सभी स्कूलों में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु की जांच की जा सके।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक धमकी भरे ईमेल सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच प्राप्त हुए। फिलहाल किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद ली जा रही है और सभी एंगल से जांच जारी है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।












