बिश्नोई गैंग के रडार पर बॉलीवुड? रोहित शेट्टी फा*यरिंग केस में बड़ा खुलासा, कई सेलेब्स के घरों की हुई रेकी; सीएम फडणवीस बोले—सख्त कार्रवाई होगी

11 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  बॉलीवुड पर एक बार फिर गैंगस्टरों की धमक का खतरा मंडराता नजर आ रहा है। बिश्नोई गैंग का नाम लगातार फिल्मी हस्तियों से जुड़ी धमकी और हिंसक घटनाओं में सामने आ रहा है। सलमान खान पहले से ही इस गैंग के निशाने पर बताए जा रहे हैं, वहीं हाल ही में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी। अब अभिनेता रणवीर सिंह को भी व्हाट्सएप पर धमकी भरा वॉइस नोट मिलने से हड़कंप मच गया है।

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच को अब अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि बिश्नोई गैंग के गुर्गों ने सिर्फ रोहित शेट्टी ही नहीं, बल्कि कई अन्य बॉलीवुड सेलेब्रिटीज के घरों की भी रेकी की थी। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों की मोबाइल लोकेशन अलग-अलग फिल्मी सितारों के घरों के बाहर पाई गई है। इन्हीं सुरागों के आधार पर क्राइम ब्रांच गैंग के नेटवर्क को जोड़ने में जुटी हुई है।

सीएम फडणवीस का सख्त संदेश
रोहित शेट्टी के घर गोलीबारी और रणवीर सिंह को धमकी मिलने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा,
“किसी भी गैंग को मुंबई में पैर पसारने नहीं दिया जाएगा। जिसने भी ऐसी कोशिश की है, मुंबई पुलिस ने उसे उसकी जगह दिखा दी है। कई बार सिर्फ पब्लिसिटी के लिए ऐसी हरकतें की जाती हैं, लेकिन मुंबई पुलिस ऐसे लोगों को ढूंढकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।”

सलमान खान के रिश्तेदार को भी धमकी
रणवीर सिंह को धमकी मिलने के बाद जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि अभिनेता सलमान खान के एक करीबी रिश्तेदार को भी करोड़ों रुपये की फिरौती मांगते हुए धमकी दी गई है। हालांकि, इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद पुलिस सतर्क है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, 31 जनवरी की रात करीब 12:45 बजे मुंबई के जुहू इलाके में स्थित निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की गई थी। इस दौरान कम से कम पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से टकराई थी। बाद में इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली थी और इसे सिर्फ “ट्रेलर” बताते हुए आगे और गंभीर परिणामों की धमकी दी गई थी।

इसके बाद 10 फरवरी की शाम अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर एक वॉइस नोट मिला, जिसमें उनसे करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई। इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने रणवीर सिंह के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है और धमकी भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है।

फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और बॉलीवुड से जुड़े सभी संभावित खतरों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।