24 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Education Desk: राजस्थान बोर्ड के लाखों छात्रों का इंतजार आज खत्म होने वाला है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान (RBSE) आज 24 मार्च को कक्षा 10वीं का रिजल्ट जारी करेगा। जानकारी के मुताबिक नतीजे दोपहर करीब 1 बजे घोषित किए जा सकते हैं। इसके साथ ही बोर्ड 5वीं और 8वीं कक्षा के परिणाम भी जारी करेगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपना रोल नंबर और जरूरी विवरण पहले से तैयार रखें, ताकि रिजल्ट जारी होते ही बिना किसी देरी के अपना स्कोरकार्ड देख सकें।
राजस्थान के शिक्षा मंत्री Madan Dilawar ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि इस बार बोर्ड रिकॉर्ड समय में मार्च महीने के भीतर ही परिणाम जारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि समय से रिजल्ट जारी होने से छात्रों को अगली कक्षाओं में प्रवेश और आगे की पढ़ाई की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो आमतौर पर राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट मई के अंत या जून की शुरुआत में जारी किया जाता था। वर्ष 2025 में नतीजे 28 मई को घोषित किए गए थे, जबकि 2024 में 29 मई और 2023 में 1 जून को परिणाम आए थे। इस बार मार्च में ही रिजल्ट जारी होना बोर्ड के लिए एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।
छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या अन्य शैक्षणिक पोर्टल पर जाकर रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करके देख सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अपने स्कोरकार्ड को डाउनलोड या प्रिंट भी कर सकेंगे।













