05 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Bollywood Desk: कोरियोग्राफर गीता कपूर का जन्म 5 जुलाई 1973 को मुंबई में हुआ था। उनका बचपन का सपना एयर होस्टेस बनने का था, लेकिन कमजोर नजर के चलते तीन बार रिजेक्ट होने के बाद उन्होंने डांस को अपना करियर चुना। आज गीता कपूर बॉलीवुड की जानी-मानी कोरियोग्राफर हैं और अपने चाहने वालों के बीच प्यार से ‘गीता मां’ के नाम से मशहूर हैं। उनका यह सफर जितना सफल और चमकदार दिखता है, उतना ही संघर्षों से भरा रहा है।
गीता कभी भी डांसर बनने की सोच नहीं रही थीं, लेकिन एयर होस्टेस बनने के सपने को नजर की कमजोरी ने बाधित कर दिया। मजबूरी में उन्होंने डांस की ओर रुख किया और शुरुआत बैकग्राउंड डांसर के रूप में की। उनके पिता के बीमार पड़ने के बाद उन्होंने घर की जिम्मेदारियां संभालने के लिए कोरियोग्राफी में कदम रखा। शुरुआत में उन्हें कई असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में फराह खान के साथ काम करते हुए उन्होंने डांस की बारीकियां सीखी और कोरियोग्राफर के तौर पर अपनी पहचान बनाई। उन्होंने ‘फिजा’, ‘साथिया’, ‘हे बेबी’, ‘तीस मार खां’ जैसी फिल्मों के हिट गानों को कोरियोग्राफ करके खुद को साबित किया।
गीता कपूर की पर्सनल लाइफ भी चर्चा में रही। उनका नाम कई बार एक्टर और मॉडल राजीव के साथ जुड़ा, लेकिन उन्होंने हर बार इसे अफवाह बताया। कुछ समय पहले उनकी सिंदूर लगी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिससे ये अटकलें लगने लगीं कि शायद उन्होंने शादी कर ली है। बाद में गीता ने साफ किया कि वह तस्वीरें किसी शूट का हिस्सा थीं और उनकी शादी की कोई खबर सच नहीं है।