Don 3 में बड़ा ट्विस्ट: रणवीर सिंह बाहर, शाहरुख खान की वापसी तय? किंग खान ने रखी 1000 करोड़िया डायरेक्टर वाली शर्त

17 January 2026 Fact Recorder 

Don 3 Update:
Bollywood Desk:  बॉलीवुड की आइकॉनिक फ्रेंचाइजी ‘डॉन’ को लेकर एक बार फिर जबरदस्त हलचल मच गई है। जहां पहले रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ में लीड रोल निभाने की चर्चा थी, वहीं अब ताजा अपडेट के मुताबिक एक्टर इस प्रोजेक्ट से पूरी तरह बाहर हो चुके हैं। इसके बाद से फरहान अख्तर नई स्टार कास्ट की तलाश में हैं, लेकिन इसी बीच शाहरुख खान की धमाकेदार वापसी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।

रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ की रिकॉर्डतोड़ सफलता का आनंद ले रहे हैं। फिल्म दुनियाभर में 1272 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है और इसका दूसरा पार्ट 19 मार्च को रिलीज होने वाला है। इसके बाद रणवीर अपनी अगली फिल्म ‘प्रलय’ पर फोकस करेंगे, जिसमें उनके अपोजिट ‘लोका’ फेम कल्याणी प्रियदर्शन नजर आएंगी। इसी वजह से उन्होंने ‘डॉन 3’ को फिलहाल प्राथमिकता नहीं दी और फिल्म से दूरी बना ली।

रणवीर के बाहर होने के बाद ऋतिक रोशन समेत कई बड़े नामों की चर्चा हुई, लेकिन अब साफ हो चुका है कि लीड रोल के लिए मेकर्स को अभी भी मजबूत विकल्प नहीं मिला है। इसी बीच शाहरुख खान की एंट्री को लेकर नया और सॉलिड अपडेट सामने आया है।

पहले खबरें थीं कि ‘डॉन 3’ में शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन सिर्फ कैमियो करेंगे, लेकिन अब कहा जा रहा है कि किंग खान अपने आइकॉनिक ‘डॉन’ अवतार में पूरी तरह वापसी के लिए तैयार हैं। हालांकि, इसके लिए उन्होंने मेकर्स के सामने एक बड़ी शर्त रखी है।

शाहरुख खान की शर्त क्या है?
टेलीचक्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख खान ने साफ कहा है कि वह तभी ‘डॉन 3’ का हिस्सा बनेंगे, जब ‘जवान’ के डायरेक्टर एटली को इस फिल्म से जोड़ा जाएगा। शाहरुख चाहते हैं कि फिल्म का स्केल इंटरनेशनल लेवल का हो और दर्शकों के बीच जबरदस्त बज क्रिएट हो। एटली पहले ही 1000 करोड़ क्लब में शामिल हो चुके हैं, ऐसे में किंग खान उनकी एंट्री को फ्रेंचाइजी के लिए गेमचेंजर मान रहे हैं।

हालांकि, फरहान अख्तर और एक्सेल एंटरटेनमेंट की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। गौरतलब है कि ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों में शाहरुख खान ने अपने स्टाइल और स्वैग से किरदार को आइकॉनिक बना दिया था। जब ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह के नाम की घोषणा हुई थी, तब फैन्स ने किंग खान की वापसी की जोरदार मांग की थी।

अब रणवीर सिंह के बाहर होने के बाद उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं कि क्या एक बार फिर शाहरुख खान कहेंगे—
“डॉन को पकड़ना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है!”