नई दिल्ली, 08 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: आधार कार्ड में मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए अब केंद्रों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। यूआईडीएआई (UIDAI) ने नया अपडेट और ऐप पेश किया है, जिससे यह काम अब घर बैठे ही मिनटों में हो जाएगा। इसके अलावा, ऐप में नया फीचर ‘माय कॉन्टैक्ट कार्ड’ भी शामिल किया गया है। यह डिजिटल QR कोड स्कैन करने पर सिर्फ आपका नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दिखाएगा, जबकि आपका पूरा पता और अन्य निजी जानकारी सुरक्षित रहेगी।
पहले मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन और केंद्र जाना जरूरी था, लेकिन अब यह पूरी प्रक्रिया ऐप के जरिए आसान हो गई है। फिलहाल केवल मोबाइल नंबर अपडेट की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन जल्द ही नाम, पता और ईमेल आईडी बदलने के विकल्प भी आने की संभावना है।
‘माय कॉन्टैक्ट कार्ड’ के जरिए यूजर अपनी डिजिटल पहचान सुरक्षित तरीके से साझा कर सकते हैं। अब किसी वेंडर, सर्विस प्रोवाइडर या अनौपचारिक मुलाकात में अपना नंबर और ईमेल देने के लिए कागज या मौखिक जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी, बस कार्ड स्कैन कराएं और संपर्क विवरण साझा करें। यह सुविधा स्कूल दाखिले, बैंक खाता खोलने, रेलवे टिकट बुकिंग जैसी जगहों पर बेहद उपयोगी साबित होगी।













