![]()
मीटिंग में सीएम सैनी सभी उपायुक्त को निर्देश देते हुए।
हरियाणा को नशामुक्त बनाने के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है। 5 अप्रैल को हिसार से साइक्लोथॉन की शुरुआत होगी। यह यात्रा पूरे प्रदेश में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएगी। भिवानी के उपायुक्त महावीर कौशिक ने इस साइक्लोथॉन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के सा
।
डीसी ने खेल विभाग, पंचायत विभाग और नेहरू युवा केंद्र के अधिकारियों को निर्देश दिए। साइक्लोथॉन में जिले से ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। साइक्लोथॉन का रूट तय कर दिया गया है। हिसार से शुरू होकर यह भिवानी के रतेरा गांव में प्रवेश करेगी।
भिवानी में करेंगे रात्रि विश्राम
उसके बाद ढाणी किरावड़, तोशाम होते हुए सागवान और बापोड़ा से भिवानी पहुंचेगी। भिवानी में रात्रि विश्राम के बाद 6 अप्रैल को यह यात्रा गांव लोहानी और जुई खुर्द होते हुए दादरी के उपमंडल बाढ़ड़ा की ओर बढ़ेगी।
विद्यार्थी स्लोगन के साथ करेंगे स्वागत
डीसी कौशिक ने शिक्षा विभाग को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर साइक्लोथॉन का स्वागत करना है। साथ ही ड्रग्स फ्री हरियाणा विषय पर प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। गांवों में प्रबुद्ध लोग भी इस यात्रा का स्वागत करेंगे।
उपायुक्त का विशेष जोर है कि भिवानी से पूरे प्रदेश में एक प्रभावशाली संदेश जाए। इसलिए इस साइक्लोथॉन में समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
सीएम सैनी ने वीसी पर दिए निर्देश
इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेशभर के जिलाधिकारियों को साइक्लोथॉन यात्रा को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश को ड्रग्स फ्री बनाने को लेकर संदेश के साथ पांच अप्रैल को सुबह हिसार से साइक्लोथॉन यात्रा को रवाना किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि ड्रग्स फ्री हरियाणा साइक्लोथोन में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी हो। विशेषकर खिलाड़ियों को जरूर शामिल किया जाए। जिन जिन गांवों से साइकिल यात्रा निकले, वहां पर साइकिल यात्रा का जोरदार स्वागत किया जाए।
ड्रग्स के खिलाफ जागरूक करना
उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ड्रग्स के खिलाफ जागरूक करना है ताकि युवा पीढ़ी को ड्रग्स के सेवन से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ड्रग्स तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
वीसी में एसडीएम महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, सीएमओ डॉ रघुबीर शांडिल्य, डीएसपी मुख्यालय अनूप कुमार, तहसीलदार सुरेश कुमार, डीडीपीओ आशीष मान, जिला खेल अधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।











