23 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: पश्चिम बंगाल में बीजेपी महिला मोर्चा की ‘नारी संकल्प यात्रा’ को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, “दिल्ली में भइया था, उसे जनता ने भगा दिया। अब बंगाल में दीदी हैं, अब उनकी बारी है।”
रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से पश्चिम बंगाल के विकास के लिए भेजे गए लाखों करोड़ रुपये गरीबों तक नहीं पहुंचे। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह पैसा कहां गया और बंगाल के लोगों को विकास का लाभ क्यों नहीं मिला। सीएम ने कहा कि यह जनता का पैसा है और इसका इस्तेमाल जनता की भलाई के लिए होना चाहिए, न कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए रोका जाना चाहिए।
महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि एक महिला मुख्यमंत्री वाले राज्य में भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उनके मुताबिक, बंगाल जैसे हालात देश के किसी और राज्य में देखने को नहीं मिलते, जहां महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा पर इतने गंभीर सवाल खड़े हों।
‘टीएमसी को हटाने का मन बना चुकी है जनता’
रेखा गुप्ता ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता ने अब तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार ने घुसपैठियों की पहचान से जुड़ी SIR एक्सरसाइज को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
सीएम ने कहा कि टीएमसी सरकार की “हाथ न लगाने” और तुष्टिकरण की नीतियों के कारण बड़ी संख्या में घुसपैठिए राज्य में दाखिल हुए, जिससे पानी, बिजली, राशन, शिक्षा और असली नागरिकों के वोटिंग अधिकार जैसे बुनियादी संसाधनों पर दबाव बढ़ा है। उनके अनुसार, SIR एक्सरसाइज का मकसद घुसपैठियों की पहचान कर निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करना है, लेकिन सरकार इसे रोकने की कोशिश कर रही है।













