भाग्यश्री ने सिनेमा में बदलाव पर रखी राय, कहा— अब फिल्मों में ज्यादा इंटिमेसी

27 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  90 के दशक की चर्चित अभिनेत्री भाग्यश्री ने हिंदी सिनेमा में आए बदलावों पर खुलकर बात की है। मैंने प्यार किया से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री का मानना है कि आज की फिल्मों में अनावश्यक इंटिमेसी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि फिल्में बिना अत्यधिक अंतरंग दृश्यों के भी सफल हो सकती हैं और परिवार के साथ बैठकर देखने लायक सिनेमा बनाया जाना चाहिए।

एक बातचीत में भाग्यश्री ने कहा कि 90 के दशक में सिनेमा परिवार के साथ समय बिताने का प्रमुख माध्यम था, लेकिन आज दर्शकों के पास मनोरंजन के कई विकल्प हैं और समाज अधिक व्यक्तिवादी हो गया है। उनके अनुसार, सिनेमा समाज का प्रतिबिंब होता है, लेकिन कहानियों को प्रभावशाली बनाने के लिए असहज करने वाली इंटिमेसी जरूरी नहीं है।

अभिनेत्री ने यह भी कहा कि 90 के दशक में कहानियों में पितृसत्तात्मक किरदारों का बोलबाला था, जिससे शादी के बाद अभिनेत्रियों के लिए काम के अवसर कम हो जाते थे। उन्होंने माना कि समय के साथ महिलाओं के प्रति नजरिया बदला है और अब शादी के बाद भी महिलाएं काम कर रही हैं।

करियर की बात करें तो भाग्यश्री ने शादी के बाद इंडस्ट्री से ब्रेक लिया था और बाद में फिल्मों में वापसी की। अब वह आगामी फिल्म राजा शिवाजी में नजर आएंगी, जो 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।