बीबीएमबी द्वारा गांव भेरा में 17 सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित

तलवाड़ा, 11 अप्रैल 2026 Fact Recorder

Punjab Desk :  भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड  द्वारा पोंग डैम की सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत गांव भेरा में 17 सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं। ये लाइटें गांव भेरा रोड पर लगाई गई हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को रात्रि के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा सुविधा प्राप्त होगी।
इन सोलर स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें उप मुख्य अभियंता (मुख्यालय)  विमल मीणा, उप मुख्य अभियंता, पोंग डैम सर्कल सुश्री मनवीन चौधरी, एक्सईएन  हरप्रीत सिंह, एक्सईएन  विनय कुमार, सहित अन्य बीबीएमबी अधिकारियों तथा गांव भेरा के ग्रामीणों ने भाग लिया।
यह मांग ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। जैसे ही यह विषय मुख्य अभियंता, पोंग डैम  राकेश गुप्ता के संज्ञान में आया, उन्होंने विशेष प्रयास करते हुए इस प्रस्ताव को बीबीएमबी बोर्ड कार्यालय से स्वीकृत करवाया, जिसके परिणामस्वरूप यह कार्य साकार हो सका।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि बीबीएमबी द्वारा हर वर्ष सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से जनहित में ऐसे कार्य किए जाते हैं, जिससे स्थानीय क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिल सके।
समारोह के दौरान कर्नल राहुल हरचंद अपने पिता, गांव के सरपंच तथा अन्य ग्रामीणों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने बीबीएमबी प्रशासन का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक सराहनीय और जनहितकारी पहल है, जिससे गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विशेष रूप से मुख्य अभियंता  राकेश गुप्ता के प्रयासों की प्रशंसा की।