बागपत की बेटी अग्रिमा जैन ने रचा इतिहास, CS 2025 में हासिल की ऑल इंडिया 6वीं रैंक

26 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Education Desk:  उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत की होनहार छात्रा अग्रिमा जैन ने सीएस 2025 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया द्वारा घोषित परिणामों में अग्रिमा ने सीएस एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में ऑल इंडिया 6वीं रैंक हासिल की। उन्होंने ग्रुप-1 में 252 और ग्रुप-2 में 166 अंक प्राप्त किए, जो उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का प्रमाण है।

अग्रिमा शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने सीबीएसई बोर्ड से हाईस्कूल में 95.6% और इंटरमीडिएट में 96.6% अंक हासिल कर स्कूल टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया था। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपनी मां गरिमा जैन को दिया, जो बड़ौत के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका हैं। अग्रिमा का कहना है कि मां का निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है। परिवार में बड़ी बहन मुस्कान जैन और छोटे भाई आरजव जैन भी इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं।

रिवीजन को बताया सफलता की कुंजी

तैयारी के दौरान अग्रिमा ने अनुशासित दिनचर्या अपनाई। वह रोजाना 8 से 9 घंटे पढ़ाई करती थीं। ऑनलाइन स्टडी के लिए उन्होंने Physics Wallah प्लेटफॉर्म की मदद ली, जहां प्रतिदिन 5 से 6 क्लास होती थीं। नियमित अभ्यास, मॉक टेस्ट और लगातार रिवीजन को उन्होंने अपनी सफलता का मंत्र बताया।

कड़ी मेहनत का मिला फल

अग्रिमा ने अपने मामा पारस जैन और मौसी शीतल जैनमौनी जैन का भी आभार जताया, जिनके प्रोत्साहन ने कठिन समय में उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अब अग्रिमा सीएस की आगे की पढ़ाई जारी रखते हुए और ऊंचे लक्ष्य हासिल करना चाहती हैं।

उनकी इस उपलब्धि से घर में जश्न का माहौल है। मिठाइयां बांटी गईं और सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। पूरे जनपद में गर्व और उत्साह की लहर दौड़ गई है।