07 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: असम विधानसभा चुनाव के बीच सियासी माहौल तब गरमा गया जब कांग्रेस उम्मीदवार बिदिशा नियोग ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की उम्मीदवारी को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम ने नामांकन के दौरान अपनी पत्नी की विदेशी संपत्तियों का पूरा खुलासा नहीं किया और इसे “जानबूझकर जानकारी छिपाना” बताया। हालांकि, हिमंता बिस्वा सरमा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। वहीं, बिदिशा नियोग के हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति करीब 30.32 लाख रुपये है, जिसमें लगभग 2 लाख रुपये नकद, 21 लाख रुपये की कार और 5.86 लाख रुपये के जेवर शामिल हैं। उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं है। उनके पति के पास करीब 4.28 लाख रुपये की संपत्ति है, जिसमें 1.50 लाख रुपये नकद और 1 लाख रुपये से अधिक का सोना शामिल है। बिदिशा नियोग ग्रेजुएट हैं और उन्होंने नॉर्थ लखीमपुर कॉलेज से 2013 में पढ़ाई पूरी की। वह करीब तीन साल पहले कांग्रेस में शामिल हुईं और यह उनका पहला चुनाव है। जालुकबारी सीट पर हिमंता बिस्वा सरमा का लंबे समय से दबदबा रहा है, जहां 2021 चुनाव में उन्होंने एक लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। ऐसे में इस बार यह मुकाबला अनुभव और नए चेहरे के बीच दिलचस्प बन गया है।













