अंशुल कंबोज से प्रभावित हुए अश्विन, की जहीर और बुमराह से तुलना; कहा- रणनीति की है गहरी समझ

22 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Sports Desk: अश्विन ने की अंशुल कंबोज की जमकर तारीफ, जहीर और बुमराह से की तुलना – बोले, टेस्ट डेब्यू के लिए तैयार                                                                                                                भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज की जमकर सराहना की है। अश्विन ने अंशुल को उन चुनिंदा भारतीय तेज़ गेंदबाज़ों में गिनाया है जो न सिर्फ़ कौशल में माहिर हैं, बल्कि गेम प्लान और मैच की स्थिति की गहरी समझ भी रखते हैं। अश्विन ने उनकी तुलना जहीर खान और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गजों से करते हुए कहा कि अंशुल टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

गौरतलब है कि अंशुल कंबोज को हाल ही में चोटिल अर्शदीप सिंह के कवर के तौर पर भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में बुधवार से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट में अगर आकाश दीप फिट नहीं होते, तो कंबोज को डेब्यू का मौका मिल सकता है।

अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने कहा, “अंशुल की सबसे बड़ी खासियत ये है कि वह अपनी रणनीति को अच्छी तरह से समझता है। ज़्यादातर तेज गेंदबाज़ जब अपनी योजना के बारे में बात करते हैं, तो वे सिर्फ यह कहते हैं कि वे खुद को अभिव्यक्त करना चाहते हैं। लेकिन अंशुल इसके बिल्कुल विपरीत है – वह जानता है कि वह क्या करना चाहता है और उसे मैदान पर कैसे अमल में लाना है।”

अश्विन ने आगे कहा, “जहीर खान जैसे गेंदबाजों में भी यही समझ थी – वे रणनीति बनाते थे और उसे बखूबी लागू करते थे। जसप्रीत बुमराह भी इसी श्रेणी के खिलाड़ी हैं। मैं यहां कौशल की तुलना नहीं कर रहा, क्योंकि कौशल एक अलग विषय है, लेकिन समझ और सोच के स्तर पर अंशुल भी उसी लीग में आता है।”

अश्विन ने आईपीएल में कंबोज के प्रदर्शन का ज़िक्र करते हुए कहा कि उनकी गेंदबाज़ी लेंथ शानदार है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ अंशुल कंबोज को अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है, तो यह एक बेहद संतुलित और खतरनाक गेंदबाज़ी आक्रमण होगा।