2 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: NASA के ऐतिहासिक Artemis II मिशन की सफल लॉन्चिंग के साथ इंसान ने एक बार फिर चांद की ओर कदम बढ़ा दिया है। करीब 54 साल बाद चार अंतरिक्ष यात्री Orion spacecraft में सवार होकर चंद्रमा की यात्रा पर निकले हैं। इस मिशन का नेतृत्व Reid Wiseman कर रहे हैं, जिनके साथ विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और जेरेमी हैनसेन भी शामिल हैं।
लॉन्च के कुछ समय बाद ही अंतरिक्ष से पहला संदेश सामने आया, जिसमें कमांडर रीड वाइसमैन ने बताया कि उनके अंतरिक्ष यान “इंटीग्रिटी” में सूर्योदय हो रहा है—जो इस ऐतिहासिक यात्रा की एक खास झलक थी। इसी दौरान एक दिलचस्प बात यह भी सामने आई कि मिशन विशेषज्ञ Christina Koch ने शुरुआती चरण में स्पेसक्राफ्ट के टॉयलेट सिस्टम को ठीक करने का काम संभाला, ताकि 10 दिन की यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो।
यह मिशन लगभग 10 दिनों का है, जिसमें अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी से करीब 4.06 लाख किलोमीटर दूर तक जाएंगे और चांद की परिक्रमा कर वापस लौटेंगे। हालांकि वे चांद पर लैंड नहीं करेंगे, लेकिन इस दौरान गहरे अंतरिक्ष के प्रभावों का अध्ययन किया जाएगा। वैज्ञानिक “ऑर्गन-ऑन-ए-चिप” तकनीक के जरिए यह जांच करेंगे कि अंतरिक्ष के रेडिएशन का मानव शरीर और DNA पर क्या असर पड़ता है।
यह मिशन भविष्य के मानव चंद्र अभियानों की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।













