हिमाचल से अनुराग शर्मा को राज्यसभा टिकट, तेलंगाना से फिर मैदान में अभिषेक मनु सिंघवी

05 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk: देश की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। बीजेपी के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 6 सीटों के लिए जिन नामों का ऐलान किया है, उनमें वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी, वेम नरेंद्र रेड्डी, फूलो देवी नेताम, कर्मवीर सिंह बौद्ध और हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा शामिल हैं।

कांग्रेस की इस सूची ने कई राजनीतिक हलकों को चौंका दिया है, खासकर हिमाचल प्रदेश से सामने आए नाम को लेकर। पार्टी ने कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को राज्यसभा का टिकट देकर बड़ा दांव चला है।

दरअसल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही संकेत दे चुके थे कि राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार हिमाचल से ही होगा और नामांकन के समय ही नाम का ऐलान किया जाएगा।

अनुराग शर्मा को हाल ही में कांग्रेस ने कांगड़ा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। कांगड़ा जिला हिमाचल का सबसे बड़ा और राजनीतिक रूप से बेहद अहम जिला माना जाता है। पार्टी का मानना है कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है, जिसे देखते हुए 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, छत्तीसगढ़ से वर्तमान राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम को पार्टी ने दोबारा उम्मीदवार बनाया है। हरियाणा से कर्मवीर सिंह बौद्ध को मौका दिया गया है। इसके अलावा कांग्रेस ने वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी को एक बार फिर तेलंगाना से राज्यसभा भेजने का फैसला किया है, जहां वह अभी भी सांसद हैं।