वार्षिक समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा और संस्कारों का होता है आईना-राज्य मंत्री गौरव गौतम               

युवा शक्ति के दम पर 2047 तक भारत बनेगा विश्व की सबसे बड़ी महाशक्ति

चंडीगढ़, 10 फरवरी 2026 Fact Recorder

Haryana Desk: हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि वार्षिक समारोह विद्यार्थियों के लिए केवल सांस्कृतिक मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों का आईना होता है।

राज्य मंत्री आज सोनीपत स्थित एक निजी स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं के सामने विकसित भारत 2047 का जो संकल्प रखा है, उसे साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी पर है।

उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और महाशक्ति बनेगा और इसका श्रेय आज के विद्यार्थियों और युवाओं को जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, तकनीक, स्वास्थ्य और नवाचार के क्षेत्रों में आगे बढक़र देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

 मंत्री ने कहा कि हरियाणा आज पूरे देश और दुनिया में खेलों के लिए पहचाना जाता है। देश की कुल आबादी में हरियाणा की हिस्सेदारी मात्र 2 प्रतिशत है, लेकिन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाले 70 प्रतिशत से अधिक पदक हरियाणा के खिलाड़ी जीतते हैं। उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब, लेकिन हरियाणा के युवाओं ने इस सोच को बदलकर यह सिद्ध कर दिया है कि पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब और खेलोगे कूदोगे बनोगे लाजवाब।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश को नशा मुक्त और खेल युक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और सकारात्मक दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम खेल हैं।