अपने ‘वीरू’ धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुए अमिताभ बच्चन, बोले— “इंडस्ट्री बदल गई, पर वो नहीं…”

अपने ‘वीरू’ धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुए अमिताभ बच्चन, बोले— “इंडस्ट्री बदल गई, पर वो नहीं…”

25 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk: फिल्म शोले की मशहूर ‘जय-वीरू’ जोड़ी को भला कौन भूल सकता है? 1975 में पहली बार बड़े पर्दे पर नज़र आई यह जोड़ी दर्शकों की यादों में आज भी उतनी ही ताज़ा है। लेकिन अब, 50 साल बाद, यह जोड़ी हमेशा के लिए टूट गई है। बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र 89 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए। अपने प्रिय मित्र और ‘वीरू’ के अंतिम संस्कार में अमिताभ बच्चन बेटे अभिषेक के साथ पहुंचे थे। अब बिग बी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश लिखकर अपने दोस्त को याद किया है।

अमिताभ और धर्मेंद्र की दोस्ती किसी परिचय की मोहताज नहीं। चाहे फिल्में हों या अवॉर्ड फंक्शन, दोनों जहां भी साथ दिखे, ‘जय-वीरू’ की झलक अपने आप दिखाई दे जाती थी। एक पुराना वीडियो भी पिछले दिनों खूब वायरल हुआ, जिसमें धर्मेंद्र मंच पर कहते नज़र आए थे कि अमिताभ बच्चन आज भी लगातार काम कर रहे हैं— “ये मेरा छोटा भाई है”, और यह कहते हुए वे भावुक हो उठे थे। उसी मंच पर जया बच्चन और हेमा मालिनी भी उपस्थित थीं।

धर्मेंद्र के निधन के बाद अब अमिताभ बच्चन ने X (ट्विटर) पर अपनी भावनाएं साझा की हैं। उन्होंने लिखा—

“T 5575 – एक और बहादुर दिग्गज हमें छोड़कर चला गया… अपने पीछे ऐसी खामोशी छोड़ गया जिसे सह पाना बेहद कठिन है। धरम जी… महानता की मिसाल— केवल अपनी मजबूत मौजूदगी से नहीं, बल्कि अपने विशाल हृदय और सादगी से हमेशा याद किए जाएंगे।
वे अपने साथ पंजाब की मिट्टी की खुशबू लेकर आए थे और जीवन भर उसके प्रति सच्चे रहे।
इंडस्ट्री बदलती रही, दौर बदलते रहे— पर वे नहीं। उनकी मुस्कान, आकर्षण और गर्मजोशी एक दुर्लभ गुण था, जो हर किसी तक पहुंचता था। आज हवा में जो खालीपन है, वह हमेशा खाली ही रहेगा… दुआएं।”

अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र ने साथ में कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया, पर शोले के ‘जय-वीरू’ ने जो छाप छोड़ी, वह सदाबहार है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों की आखिरी साझेदारी अमिताभ के नाती अगस्त्य नंदा की फिल्म इक्कीस में भी देखने को मिलने वाली थी, लेकिन फिल्म रिलीज होने से पहले ही धर्मेंद्र इस दुनिया से रुख़सत हो गए।