डिप्टी कमिश्नर ने विभाग प्रमुखों की बैठक को किया संबोधित जिला वासियों को भी योजना के अंतर्गत जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की
होशियारपुर, 6 मार्च 2026 Fact Recorder
Punjab Desk: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज अलग-अलग विभागों के प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे अपने विभागों के अंतर्गत आते सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की मुख्य मंत्री सेहत योजना की रजिस्ट्रेशन यकीनी बनाएं। वे आज जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाई जा रही इस योजना के अंतर्गत पंजाब सरकार प्रदेश के हर व्यक्ति को कैशलेस इलाज मुहैया करवा रही है ताकि कोई भी योग्य लाभार्थी इस सुविधा से वंचित न रह जाए।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने अधिकारियों को बताया कि जिले में इस समय 300 से अधिक स्थानों पर इस योजना से संबंधी रजिस्ट्रेशन हो रही है और इसके अलावा जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स के सेवा केंद्र में भी इस योजना के अंतर्गत लोगों की रजिस्ट्रेशन की जा रही है। उन्होंने कहा कि विभाग की सुविधा के मुताबिक उनकी ओर से बताए गए स्थान पर रजिस्ट्रेशन कैंप लगाया जा सकता है, बशर्तें वे इस संबंधी अग्रिम तौर पर सूचित करें। उन्होंने हिदायत करते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द इस संबंधी योजना बनाकर सहायक कमिश्नर होशियारपुर ओएशी मंडल को दें ताकि कैंप संबंधी व्यवस्था की जा सके।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने इस दौरान जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब सरकार की ओऱ से शुरू की गई मुख्यमंत्री सेहत योजना को लोग अधिक से अधिक लाभ लेते हुए अपनी रजिस्ट्रेशन करवाएं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पंजीकरण के पहले दिन से ही लाभार्थियों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। यह सुविधा न केवल सरकारी बल्कि राज्य के निजी अस्पतालों में भी लागू है। लिवर, किडनी, कैंसर और विभिन्न प्रकार की सर्जरी सहित गंभीर बीमारियों का इलाज इस योजना में शामिल है।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि जिन लाभार्थियों के पास पहले से 5 लाख रुपए वाला आयुष्मान कार्ड है, वे सरल ई-केवाईसी प्रक्रिया के माध्यम से इसे 10 लाख रुपए वाले मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना कार्ड में अपग्रेड कर सकते हैं। लोगों की सुविधा के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 7589944720 भी शुरु किया गया है, जिससे नागरिक यह जान सकेंगे कि वे अपना कार्ड कहां और कैसे बनवा सकते हैं।
आशिका जैन ने बताया कि कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड (मोबाइल से लिंक), वोटर कार्ड और नाबालिग बच्चों के लिए जन्म प्रमाण पत्र आवश्यक है। कार्ड बनाने हेतु परिवार के कम से कम दो सदस्यों का उपस्थित होना ज़रूरी है। उन्होंने ज़िला वासियों से भी अपील की है कि वे शीघ्र अपने नजदीकी लगे सेवा केंद्र कैंप या कामन सर्विस सैंटर में जाकर पंजीकरण करवा कर इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिलाएं। इस मौके पर सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल, सिविल सर्जन डा. मंदीप के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।













