अजित पवार विमान हादसा: PSO विदीप जाधव की भी गई जान, मुंबई पुलिस का जांबाज़ अफसर, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

29 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में जहां पूरा राज्य शोक में डूबा है, वहीं इस हादसे में जान गंवाने वाले उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) विदीप जाधव के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस भीषण हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद महाराष्ट्र में राजकीय शोक घोषित किया गया है।

हादसे का शिकार हुआ चार्टर्ड Learjet 45 विमान मुंबई से बारामती जा रहा था। विमान में अजित पवार के साथ उनके PSO विदीप जाधव, एक अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर (पायलट और को-पायलट) सवार थे। दुर्घटना में सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

मुंबई पुलिस में थे कार्यरत

PSO विदीप जाधव मुंबई पुलिस में कार्यरत थे और कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित अधिकारी के रूप में उनकी पहचान थी। उनके अचानक निधन से न सिर्फ परिवार बल्कि पुलिस महकमे में भी शोक की लहर है। विदीप के पिता दिलीप जाधव दादर स्थित क्रांतिसिंह नाना पाटील विद्यालय से लिपिक पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

उनकी मां संध्या जाधव ठाणे के कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में महापालिका के अंतर्गत अनुबंध पर फार्मासिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। विदीप अपने पीछे दो छोटे बच्चों—आद्विक (4) और नेत्रा (8)—को छोड़ गए हैं, जो ठाणे के एक स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं।

बचपन से था देशसेवा का सपना

परिवार के अनुसार, बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद विदीप जाधव ने सातारा जिले के फलटण स्थित शेतकी विद्यालय में प्रवेश लिया था। देशसेवा का जज्बा उनमें शुरू से ही था, इसी उद्देश्य से उन्होंने पुलिस बल में शामिल होने का निर्णय लिया।

साल 2009 में वे मुंबई पुलिस में भर्ती हुए और अपने काम के प्रति समर्पण से सभी का भरोसा जीता। वे परिवार के लिए प्रेरणास्रोत थे और उन्हीं से प्रेरित होकर उनके एक चचेरे भाई ने भी पुलिस सेवा जॉइन की। उनके परिवार में दो विवाहित बहनें भी हैं।

कैसे हुआ हादसा

28 जनवरी 2026 की सुबह बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान हादसे का शिकार हो गया। खराब दृश्यता और कोहरे के कारण विमान संतुलन खो बैठा, बाईं ओर झुका और जमीन से टकराते ही आग का गोला बन गया। इस दुर्घटना ने न सिर्फ एक वरिष्ठ नेता को, बल्कि कई परिवारों के सहारे को भी हमेशा के लिए छीन लिया।

यह हादसा पूरे देश को झकझोर गया है और शोक की लहर दूर-दूर तक फैल गई है।