Afghanistan Airstrike: अफगानिस्तान पर हमले के बाद पाकिस्तान घिरा, मुस्लिम धर्मगुरुओं ने की कड़ी निंदा

20 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  अफगानिस्तान पर हवाई हमला करने के बाद पाकिस्तान को अब इस्लामी दुनिया से भी कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुस्लिम विद्वानों के संगठन International Union of Muslim Scholars ने इस हमले की तीखी निंदा करते हुए इसे इस्लामी सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है।

रिपोर्ट के अनुसार, Pakistan के हवाई हमले में Afghanistan की राजधानी Kabul में स्थित एक अस्पताल को निशाना बनाया गया, जिसमें करीब 400 लोगों की मौत हो गई और लगभग 250 लोग घायल हो गए। अफगान मीडिया TOLOnews ने यह जानकारी दी है।

स्वतंत्र जांच की मांग

मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इस घटना को लेकर गहरी चिंता जताई है और पाकिस्तान से ऐसी सैन्य कार्रवाइयों को तुरंत रोकने की अपील की है। साथ ही उन्होंने अस्पताल पर हुए हमले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए एक स्वतंत्र आयोग गठित करने की मांग भी की है।

ईद से पहले ऑपरेशन रोका

इस बीच पाकिस्तान सरकार ने ईद-उल-फितर के मद्देनजर अफगान तालिबान के खिलाफ चलाए जा रहे सैन्य अभियान “ऑपरेशन गजब लिल हक” को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री Attaullah Tarar ने बताया कि Saudi Arabia, Qatar और Turkey जैसे मित्र इस्लामी देशों के अनुरोध पर यह निर्णय लिया गया है।

अस्पताल पर हमले से भारी नुकसान

अफगान तालिबान सरकार के प्रवक्ता Zabihullah Mujahid के अनुसार, पाकिस्तान के हवाई हमले में काबुल का एक नशा मुक्ति अस्पताल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हमले में इलाज करा रहे कई मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

यह हमला दोनों देशों की सीमा पर हुई गोलीबारी की घटना के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।