लखनऊ में अवैध निर्माण पर कार्रवाई, हाई कोर्ट के आदेश के बाद मस्जिद हटाई गई

03 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  लखनऊ के बख्शी का तालाब (BKT) इलाके में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने एक अवैध ढांचे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। अस्ती रोड स्थित ग्राम सभा की पशुशाला भूमि पर बनी मस्जिद को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में गुरुवार तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गिरा दिया गया। इस पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया, जिसमें आधी रात से ही इलाके की घेराबंदी कर दी गई और एहतियातन बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी। तड़के करीब 3 बजे जेसीबी मशीनों की मदद से निर्माण को हटाया गया और मलबा तुरंत साफ कर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार, यह जमीन राजस्व रिकॉर्ड में सरकारी उपयोग के लिए दर्ज थी, जिस पर अवैध कब्जे की शिकायत के बाद तहसीलदार से लेकर उच्च न्यायालय तक मामला पहुंचा। अंततः इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बेदखली के आदेश को सही ठहराते हुए अवैध कब्जा हटाने की अनुमति दी, हालांकि याचिकाकर्ताओं पर लगाया गया जुर्माना रद्द कर दिया। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।