गुजरात में ब्रिज टूटने से हादसा, 9 मौ*तें; 6 घायल, बचाव कार्य जारी

09 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

National Desk: गुजरात के वडोदरा में हुए ब्रिज हादसे का मंजर अब भयावह हो चुका है। इस हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है और सभी मृ*तकों के श*व नदी से बाहर निकाल लिए गए हैं। इसके अलावा छह लोग घायल भी पाए गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है, इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है क्योंकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितने लोग नदी में गिरे हैं। वडोदरा कलेक्टर अनिल धमेलिया ने बताया कि आज सुबह लगभग आठ बजे महिसागर नदी पर बने गंभीरा पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में दो ट्रक, एक पिकअप वाहन, एक इको कार, एक ऑटो रिक्शा और कुछ बाइक नदी में गिर गए। घटना के बाद बचाव कार्य तेजी से जारी है और इसमें स्थानीय तैराक, नावें, नगर निगम, पुलिस, प्रशासनिक टीम और NDRF की टीम सक्रिय रूप से लगी हुई हैं।

कलेक्टर ने बताया कि हादसे के बाद कुछ लोग, जिनमें बाइक सवार भी थे, खुद ही नदी से बाहर निकलने में सफल रहे। अब तक नौ शव बरामद हो चुके हैं जबकि छह घायल लोगों का इलाज चल रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि इस त्रासदी में कम से कम मौतें हों और अधिक से अधिक लोगों को बचाया जा सके। इस मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट कर लोगों को पहले ही अलर्ट कर दिया गया है।

गंभीरा ओवर ब्रिज, जो महिसागर नदी पर बना था और आणंद व वडोदरा को जोड़ता था, अचानक टूट गया। हादसे के समय पुल पर कई वाहन और लोग मौजूद थे, जिनमें से कई नदी में जा गिरे। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मारे गए लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और तुरंत जांच के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वडोदरा कलेक्टर को घायलों के इलाज की प्राथमिकता देने का आदेश दिया गया है। साथ ही स्थानीय नगरपालिका, नगर निगम, दमकल टीम, तैराक और NDRF की टीम बचाव कार्यों में लगी है। सड़क निर्माण विभाग को भी इस हादसे की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना को दुखद बताया और सभी प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना की।