12 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: हरियाणा के कैथल में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर संदीप चहल ने चर्चित VIP नंबर HR88 B 8888 को 37 लाख 51 हजार रुपये में अपनी पत्नी के नाम पर नीलामी में खरीदा। संदीप को अंक 8 बेहद शुभ लगता है, इसलिए उनके ज़्यादातर वाहनों पर इसी नंबर की श्रृंखला लगी है। उनकी हुंडई अल्काजार पर पहले से ही HR87 S 8888 नंबर है।
इस VIP नंबर ने पहले भी सुर्खियाँ बटोरी थीं, जब हिसार के एक व्यापारी ने इसकी पहली नीलामी में 1 करोड़ 17 लाख रुपये की बोली लगाई थी, लेकिन पूरी राशि जमा न करने पर नीलामी रद्द हो गई। मामला बढ़ते-बढ़ते परिवहन मंत्री अनिल विज तक पहुंचा, जिन्होंने आयकर विभाग से जांच की चेतावनी दी थी। इसके बाद नंबर की दोबारा नीलामी हुई।
दूसरी नीलामी में कैथल के सनसिटी निवासी संदीप चहल ने यह नंबर हासिल किया। संदीप के पास दर्जनभर VIP नंबर वाली कारें हैं और वे अंक 8 को भाग्यशाली मानते हैं। वे किसान परिवार से हैं और प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ-साथ मोबाइल होलसेल का कारोबार भी करते हैं। उनका कहना है कि यह नंबर उनकी कुंभ राशि के लिए भी शुभ है।
नया नंबर लगाने के लिए वे 90 दिनों के भीतर कोई नई कार या बाइक खरीदेंगे।













