31 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: पंचकूला मैट्रोपॉलिटन डिवैलपमेंट अथॉरिटी (पीएमडीए) ने नए साल 2026 के मौके पर शहरवासियों को बड़ी सौगात दी है। अथॉरिटी ने शहर में दो अहम विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनकी कुल अनुमानित लागत लगभग 128 करोड़ रुपये है।
पहली परियोजना में घग्गर नदी पर नया पुल बनाया जाएगा। सैक्टर-3/21 रोड पर गोल्फ जलधारा सौंदर्यीकरण क्लब के पास यह पुल बनेगा, जिसकी अनुमानित लागत 32.50 करोड़ रुपये है। पुल निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और शहरवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
दूसरी परियोजना के तहत शहर से गुजरने वाली दो प्रमुख जलधाराओं का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिस पर 95.42 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें शामिल हैं:
माता मनसा देवी मंदिर से राजीव-इंदिरा कॉलोनी होते हुए पंजाब सीमा तक (लंबाई 5.60 किलोमीटर)
सैक्टर-1 से इंडस्ट्रियल एरिया होते हुए पंजाब सीमा तक सिंह नाला चौ (लंबाई 5.30 किलोमीटर)
इन परियोजनाओं से न केवल जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि शहर की सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण बढ़ोतरी होगी।
पीएमडीए के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के टेंडरों को हाई-पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में मंजूरी दी गई, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की। ये परियोजनाएं लंबे समय से निवासियों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों की मांग के अनुरूप स्वीकृत की गई हैं।
प्रवक्ता के अनुसार, पीएमडीए के सीईओ के.एम. पांडुरंग के हस्तक्षेप से इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति मिली। अधिकारी मानते हैं कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद पंचकूला की आधारभूत संरचना, सौंदर्य और यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।











