09 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: भारत में क्रिकेट का संचालन BCCI करती है, लेकिन पुदुचेरी में उसके बिल्कुल सामने एक ऐसा घोटाला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया है। इंडियन एक्सप्रेस की जांच में खुलासा हुआ है कि पुदुचेरी में खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के लिए एक संगठित फर्जी प्रणाली चल रही है। यहां निजी क्रिकेट अकादमियों से जुड़े कुछ कोच पैसा लेकर खिलाड़ियों के लिए नकली पते और एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट तैयार कर रहे हैं, ताकि वे BCCI की अनिवार्य एक साल की निवास आवश्यकता को पूरा कर “स्थानीय” खिलाड़ी बन सकें। इस पूरे “पैकेज” की कीमत लगभग 1.2 लाख रुपये या उससे अधिक बताई जा रही है।
जांच में यह भी पता चला कि अलग-अलग टीमों से खेलने वाले 17 खिलाड़ी एक ही आधार कार्ड पते का उपयोग कर रहे थे, जबकि उस घर के मालिक ने बताया कि वहां अब कोई किरायेदार नहीं रहता। इस समानांतर व्यवस्था का सबसे बड़ा नुकसान पुदुचेरी के असली स्थानीय खिलाड़ियों को हो रहा है, जिनके मौके लगातार कम होते जा रहे हैं। पिछले चार वर्षों में पुदुचेरी ने 29 रणजी मैच खेले, लेकिन उनमें सिर्फ चार स्थानीय खिलाड़ी शामिल हुए। वहीं, इस सीजन वीनू मांकड़ ट्रॉफी के पहले मैच में 11 में से 9 खिलाड़ी बाहर के राज्यों से लाए गए और उन्हें लोकल प्लेयर बताकर मैदान में उतारा गया।













